*जनगणना 2027 की तैयारी तेज: फरेंदा तहसील में सुपरवाइजरों को दी गई तकनीकी ट्रेनिंग, स्वगणना पर विशेष जोर।*

Bureau Report /Rakesh Tripathi /Farenda News 18 Plus/ Chief Editor 

 

महराजगंज/आनंद नगर जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तहसील फरेंदा में प्रथम चरण की मकान गणना एवं स्वगणना प्रक्रिया को सफल बनाने के उद्देश्य से ड्यूटी पर तैनात सुपरवाइजरों को विशेष ब्रीफिंग एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान एसडीएम शैलेन्द्र गौतम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

 

बैठक में एसडीएम ने जनगणना ऐप के संचालन, तकनीकी प्रक्रियाओं और डेटा फीडिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से होने वाली इस जनगणना में स्वगणना की भूमिका बेहद अहम होगी। इसके माध्यम से आम नागरिक स्वयं अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और त्रुटिरहित बनेगी।

 

एसडीएम शैलेन्द्र गौतम ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देशित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए तथा उन्हें ऐप के उपयोग के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। ऐसे में इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को मकान गणना की प्रक्रिया, परिवारों का सत्यापन, ऑनलाइन एंट्री और तकनीकी समस्याओं के समाधान के तरीके भी बताए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें ताकि जनगणना का कार्य समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

 

प्रशासन की इस पहल से तहसील क्षेत्र में जनगणना 2027 को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं और कर्मचारियों में भी जिम्मेदारी को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *