*फरेंदा तहसील में भूमि विवाद निस्तारण को लेकर सख्ती, गांवों को विवाद मुक्त बनाने के निर्देश।*

Bureau Report/ Rakesh Tripathi /Farenda News 18 Plus /Chief Editor 

महराजगंज: फरेंदा तहसील में भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण और सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। फरेंदा एसडीएम शैलेन्द्र गौतम ने तहसील क्षेत्र के समस्त लेखपालों और कानूनगों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी गांवों को भूमि विवाद रहित बनाने के लिए पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ कार्य किया जाए।

 

बैठक में कहा गया कि सीमा संबंधी विवादों को आपसी सहमति के आधार पर प्राथमिकता से निपटाने का प्रयास किया जाए। जो मामले आपसी समझौते से हल हो सकते हैं, उन्हें पैमाइश के नाम पर अनावश्यक रूप से लंबे समय तक लंबित न रखा जाए। शासनादेशों के अनुरूप निष्पक्ष ग्रामीणों एवं भूमि प्रबंधन समिति की मदद से विवादों का समाधान कराने पर जोर दिया गया।

 

एसडीएम ने कहा कि वर्तमान समय में खेत खाली होने के कारण सीमा विवादों के निस्तारण का यह उपयुक्त अवसर है। प्रत्येक कानूनगो को अपने क्षेत्र में लंबित विवादों की पहचान कर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को भी गंभीर मामलों में राजस्व टीम गठित कर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विवादों का पारदर्शी और प्रभावी समाधान हो सके।

 

इसके साथ ही प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाने का भी निर्देश दिया है। एसडीएम ने कहा कि सभी ग्रामों में सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। यदि किसी स्थान पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों का उत्तरदायित्व तय करते हुए उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *