टेल फाल नहर में मगरमच्छ का हमला, युवक को गहरे पानी में खींच ले गया! नाव से उतरकर मछली पकड़ रहा था युवक, वन विभाग-पुलिस-एसएसबी और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने शुरू की तलाश।

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल

 

महराजगंज, 5 अक्टूबर। निचलौल थाना क्षेत्र के सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग अंतर्गत गेडहवां गांव के पास सोमवार को टेल फाल नहर में मछली पकड़ने के दौरान एक युवक के लापता होने से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पानी में उतरते ही एक मगरमच्छ ने युवक पर हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में खींच ले गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

 

लापता युवक की पहचान गेडहवां निवासी छांगुर उर्फ छबिलाल (36) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस, एसएसबी और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से युवक की तलाश शुरू की। काफी देर तक नहर में खोजबीन किए जाने के बावजूद देर तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

 

नाव से मछली पकड़ने पहुंचे थे ग्रामीण

 

बताया गया कि सोमवार को छांगुर अपने भाई झन्नु, पड़ोसी उमेश समेत कुछ अन्य लोगों के साथ नाव से टेल फाल नहर में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान छांगुर नाव से पानी में उतरे। साथ मौजूद लोगों के मुताबिक, पानी में पहले से मौजूद मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें गहरे पानी की ओर खींच ले गया।

 

घटना के बाद साथियों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। युवक के लापता होने से परिवार और ग्रामीणों में चिंता और मातम का माहौल है।

 

शव मिलने के बाद ही स्थिति होगी स्पष्ट : वन विभाग

 

निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। वनकर्मियों की टीम मौके पर मौजूद है और लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि शव मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि व्यक्ति को मगरमच्छ ने खींचा था अथवा उसके साथ कोई अन्य अनहोनी हुई।

 

वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और लापता व्यक्ति की तलाश कराई जा रही है। संयुक्त टीमों द्वारा नहर में लगातार खोजबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *