ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी /महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज, 18 अप्रैल 2026 सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में शामिल होने के लिए जनपद से 10 तीर्थयात्रियों का दल शनिवार को गुजरात के लिए रवाना हुआ। तीर्थयात्रियों को सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया व एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर विदा किया।
रवाना होने से पूर्व दोनों अधिकारियों ने यात्रियों को फूलमाला पहनाकर सम्मानपूर्वक विदाई दी। इस दौरान विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आस्था का प्रतीक है। 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम सोमनाथ का विशेष महत्व है और मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होना हम सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यात्रियों को सौभाग्यशाली बताते हुए उनके सुरक्षित व मंगलमय यात्रा की कामना की।
एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार ने भी यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और नोडल अधिकारी के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। साथ ही सभी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि संस्कृति विभाग और गुजरात सरकार द्वारा सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण के 1000 वर्ष तथा पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन किया जा रहा है। तीर्थयात्रियों के यात्रा, ठहरने और भोजन की पूरी व्यवस्था सरकार द्वारा की गई है।
जनपद से कुल 20 तीर्थयात्री लखनऊ पहुंचेंगे, जहां 19 अप्रैल को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी यात्री ट्रेन से सोमनाथ के लिए रवाना होंगे।इस 10 सदस्यीय दल में छोटेलाल गुप्ता, जगदीश त्रिपाठी, वीरेन्द्र चौहान, श्यामदेव साहनी, ओम प्रकाश पांडेय, मोलई प्रसाद, मनमोहन गुप्ता, परमीला, अविनाश कुमार और सुरेन्द्र विश्वकर्मा शामिल हैं। लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता नवीन सहगल नोडल अधिकारी के रूप में दल के साथ गए हैं, जो पूरी यात्रा का समन्वय करेंगे,इस मौके पर जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, ईओ नगरपालिका आलोक कुमार, सूचना विभाग के विजय चौरसिया और भरत कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।