*महराजगंज में 20 से 30 अप्रैल तक विशेष टीकाकरण अभियान, 1.33 लाख बच्चों को लगेगा डिप्थीरिया से बचाव का टीका।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ दिलीप कुमार पाण्डेय/महराजगंज 

जनपद महराजगंज में डिप्थीरिया (गलघोंटू) जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी की रोकथाम के लिए 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष स्कूल-आधारित टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक विभाग एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के समन्वय से संचालित किया जाएगा।

 

अभियान के तहत जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों तथा मदरसों में जाकर बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। इसमें (5–6 वर्ष) के 30,341 बच्चों को DPT-2 बूस्टर, (10–11 वर्ष) के 66,755 बच्चों को Td-10 तथा (16 वर्ष) के 36,044 बच्चों को Td-16 टीका लगाया जाएगा।

 

पूरे अभियान में लगभग 1,33,140 बच्चों को आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जनपद, ब्लॉक एवं विद्यालय स्तर पर माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है और सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि डिप्थीरिया एक बैक्टीरियल संक्रमण है, जो मुख्य रूप से नाक और गले को प्रभावित करता है। इसके लक्षणों में बुखार, जुकाम, गले में सूजन और कमजोरी शामिल हैं। इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है।

 

सभी अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर विद्यालय या नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर भेजकर टीकाकरण अवश्य कराएं। यह पूरी तरह निःशुल्क है और किसी भी प्रतिकूल प्रतिक्रिया से निपटने के लिए सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

 

अभियान की निगरानी ई-विन, यू-विन पोर्टल एवं अन्य माध्यमों से की जाएगी, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *