संवाददाता: रामेश्वर त्रिपाठी/न्यूज 18 प्लस महराजगंज
महराजगंज: जनपद में बुधवार को एक अप्रत्याशित हादसे में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब वह वीडियो कांफ्रेंसिंग में व्यस्त थे। अचानक अलमारी के ऊपर रखा लकड़ी का स्ट्रक्चर गिरकर उनके सिर पर आ गिरा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।बताया जा रहा है कि यह घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। हादसे के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए केएमसी डिजिटल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उनके सिर में 8 टांके लगाए। लगभग एक घंटे तक चले इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डॉक्टरों ने बताया खतरे से बाहर
चिकित्सकों के अनुसार, एसपी की स्थिति अब स्थिर है और किसी प्रकार का खतरा नहीं है। घटना के बाद कुछ समय के लिए पुलिस विभाग में चिंता का माहौल रहा, लेकिन स्वास्थ्य सामान्य होने की खबर से सभी ने राहत की सांस ली।
डीएम समेत अधिकारी पहुंचे अस्पताल घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा अस्पताल पहुंचे और एसपी का हालचाल जाना। इसके अलावा पुलिस व प्रशासन के कई अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।