महराजगंज पुलिस का एक्शन मोड: 694 वाहनों का चालान, 84 अभियुक्त गिरफ्तार।

रिपोर्ट: न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: महराजगंज

 

शांति व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर जनपदभर में चला सघन अभियान!

 

 

जनपद महराजगंज पुलिस ने 15 मई 2026 को अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए व्यापक अभियान चलाया। पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहन चेकिंग, पैदल गश्त, जनसंवाद और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

 

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना लाइसेंस और तेज गति से वाहन चलाने सहित विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर कुल 694 वाहनों का चालान किया।

 

वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 82 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया। इसके अतिरिक्त 26 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

 

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया जागरूक

 

“मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत करने का संदेश दिया।

 

बाजारों और कस्बों में पैदल गश्त

 

पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्र और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा को लेकर भी सघन चेकिंग की गई। साथ ही पुलिस ने लोगों से अतिक्रमण हटाने और यातायात सुगम बनाने में सहयोग की अपील की।

 

जनसंवाद और शांति समिति की बैठकें

 

पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न थानों में संभ्रांत व्यक्तियों, धर्मगुरुओं, किसानों और जनप्रतिनिधियों के साथ शांति समिति की बैठकें आयोजित कीं। बैठकों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई।

 

सिंदुरिया थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 

थाना सिंदुरिया पुलिस ने शादी कराने का झांसा देकर भोली-भाली जनता से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की। गिरोह की सरगना लालती समेत चार महिलाओं के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 

घुघली और निचलौल में अवैध शराब बरामद

 

थाना घुघली पुलिस ने एक महिला अभियुक्ता के कब्जे से 33 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की, जबकि थाना निचलौल पुलिस ने एक अभियुक्त के पास से 15 शीशी अवैध देशी शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

 

14 विवेचनाओं का निस्तारण

 

लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों द्वारा कुल 14 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया।

 

84 अभियुक्त गिरफ्तार

 

14/15 मई 2026 के दौरान विभिन्न अपराधों में कुल 84 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *