न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: निचलौल
महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय बहरौली में शुक्रवार को मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान थाना निचलौल की मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो टीम एवं साइबर टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को नए कानूनों, महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से समझाया गया तथा महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े अधिकारों की जानकारी दी गई। टीम द्वारा साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के उपाय भी बताए गए।
इसके साथ ही बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 181, 1090, 1098, 112, 102, 108 एवं 1930 सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट एवं मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता फैलाते हुए छात्राओं को शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया गया।