*बकरीद समेत आगामी पर्वों को लेकर प्रशासन अलर्ट पीस कमेटी बैठक में डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश, भाईचारे और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील।*

Bureau Report/ Rakesh Tripathi /News 18 Plus Maharajganj /Chief Editor

महराजगंज, 25 मई 2026। बकरीद सहित आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने की। इसमें विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध जनों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

 

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित करें तथा किसी भी दशा में गैर परंपरागत आयोजनों का आयोजन न किया जाए। आयोजकों को प्रशासन द्वारा तय रूट चार्ट और समय सारिणी का पालन अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व हमारी परंपरा और संस्कृति की पहचान हैं, इसलिए इन्हें उसी गरिमा और मर्यादा के साथ मनाया जाना चाहिए।

 

उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी समुदाय की भावना आहत हो या कानून व्यवस्था प्रभावित हो। सोशल मीडिया पर प्रशासन की कड़ी निगरानी होने की बात कहते हुए चेतावनी दी कि आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मस्जिदों पर मौजूद स्वयंसेवकों को शासन-प्रशासन के निर्देशों से अवगत कराने तथा लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा में रखने के निर्देश भी दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और सीओ को थानों पर संयुक्त बैठक कर लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा। विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर बिजली के खंभों और तारों का सर्वे कर मरम्मत कराने तथा जर्जर और लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण करने तथा प्रमुख स्थलों पर मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया।

 

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों समुदायों से भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों पर नमाज अदा न हो तथा खुले में कुर्बानी भी न की जाए। कहा कि सादी वर्दी में पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने की बात भी कही गई।

 

बैठक में दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं तथा प्रशासन को आश्वस्त किया कि बकरीद और अन्य त्योहार आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे। बैठक का संचालन शमशुल हुदा ने किया।

 

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी एसडीएम, सीओ, संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *