माइक्रो फाइनेंस कंपनी में 70 लाख रुपये के गबन का आरोप, तीन कर्मचारियों पर जालसाजी की प्राथमिकी!

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/सिसवा कोठीभार

 

कोठीभार (महराजगंज)। थाना कोठीभार क्षेत्र के सिसवा स्थित कैपिटल ट्रस्ट लिमिटेड माइक्रो फाइनेंस कंपनी की शाखा में करीब 70 लाख रुपये की कथित हेराफेरी और गबन का मामला सामने आया है। कंपनी के टेरेटरी मैनेजर सोनू कुमार रौनियार की तहरीर पर कोठीभार पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत, धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की विवेचना उप-निरीक्षक रत्नेश कुमार मौर्य को सौंपी है।

 

ऋण धारकों के नाम पर फर्जीवाड़े का आरोप

 

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, सिसवा शाखा में कार्यरत कर्मचारियों सूर्यप्रकाश भारती निवासी सिहांचवर कला, थाना गढ़वार, जनपद बलिया और मोहम्मद आसिफ अंसारी निवासी पचार, थाना कप्तानगंज, जनपद कुशीनगर पर आरोप है कि उन्होंने जुनैब निवासी पचार, थाना कप्तानगंज, कुशीनगर के साथ कथित मिलीभगत कर अलग-अलग तिथियों में विभिन्न ऋण धारकों के नाम पर करीब 70 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया।

 

आरोप है कि ऋण की राशि प्राप्त होने के बाद उसे कंपनी में जमा नहीं कराया गया और कथित तौर पर पूरी रकम आपस में हड़प ली गई।

 

ऑडिट में सामने आई कथित हेराफेरी

 

कंपनी की ओर से जब संबंधित कर्मचारियों से रकम का हिसाब मांगा गया और कथित रूप से गबन की गई राशि जमा करने को कहा गया तो विवाद बढ़ गया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी की ओर से कराए गए ऑडिट में करीब 70 लाख रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता और हेराफेरी सामने आने का दावा किया गया है।

 

तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 

टेरेटरी मैनेजर की लिखित शिकायत के आधार पर कोठीभार पुलिस ने सूर्यप्रकाश भारती, मोहम्मद आसिफ अंसारी और जुनैब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना उप-निरीक्षक रत्नेश कुमार मौर्य को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपों से जुड़े दस्तावेज, ऋण खातों और लेन-देन की जांच कर रही है।

 

पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *