शिकायत के पीछे पुराना भूमि विवाद सामने आने का पुलिस का दावा, कारखास मनीष सिंह का नाम भी चर्चा में।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/ठूठीबारी
महराजगंज, 3 अक्टूबर। ठूठीबारी थाना क्षेत्र में आरक्षी बलवंत यादव पर बार-बार थाने बुलाने और धमकी देने के आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस स्तर पर की गई जांच में मामले के पीछे पुराना जमीनी विवाद और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मुकदमों का घटनाक्रम सामने आने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से आरक्षी बलवंत यादव के साथ-साथ थाने के कारखास बताए जाने वाले मनीष सिंह, निचलौल की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, मनीष सिंह की भूमिका के संबंध में स्वतंत्र रूप से कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

पुलिस जांच के अनुसार, आरक्षी बलवंत यादव से पूछताछ में बताया गया कि अजय जायसवाल और आशीष अग्रहरी के परिवारों के बीच कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जुलाई 2026 में अजय जायसवाल की ओर से एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था। मामला आरक्षी के बीट क्षेत्र से संबंधित होने के कारण जांच के लिए उन्हें सौंपा गया था।
जांच के दौरान दोनों पक्षों को विवाद के निस्तारण के लिए उपस्थित होने को कहा गया, लेकिन पुलिस के मुताबिक आवेदक के भाई मनीष अग्रहरी उपस्थित नहीं हुए। जांच में ग्राम ठूठीबारी स्थित गाटा संख्या 935 के स्वामित्व और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद सामने आया।
पुलिस अभिलेखों के मुताबिक, इस विवाद को लेकर थाना ठूठीबारी में मु0अ0सं0 121/2025 धारा 324(4), 352, 351 बीएनएस तथा मु0अ0सं0 122/2025 धारा 352, 351(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हुए थे। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में विवेचना पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय भेजे जा चुके हैं और मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।
एनडीपीएस मुकदमों का भी जांच में जिक्र
जांच रिपोर्ट में शिकायतकर्ता आशीष अग्रहरी पुत्र बैजनाथ अग्रहरी के विरुद्ध थाना ठूठीबारी में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस के अनुसार मु0अ0सं0 108/2026, धारा 8/22(सी)/23(सी)/29 एनडीपीएस एक्ट में वह नामजद है और वर्तमान में वांछित बताया गया है।
पुलिस अभिलेखों में उसके विरुद्ध एक अन्य एनडीपीएस मुकदमा मु0अ0सं0 34/2024 भी दर्ज होने की बात कही गई है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है और आरोपी वर्तमान में जमानत पर है।
रंजिशवश शिकायत करने का पुलिस का दावा
पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता की ओर से की गई शिकायत थाना ठूठीबारी पुलिस के विरुद्ध रंजिश के कारण की गई हो सकती है और इसका उद्देश्य एनडीपीएस मामले में चल रही कार्रवाई से बचना हो सकता है। यह पुलिस का पक्ष है; शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए उत्पीड़न और धमकी के आरोपों का अंतिम सत्यापन न्यायिक अथवा स्वतंत्र जांच के निष्कर्ष पर निर्भर करेगा।
फिलहाल पुलिस ने थाना ठूठीबारी के थानाध्यक्ष और संबंधित विवेचक को साक्ष्य संकलन की निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए मामले का गुण-दोष के आधार पर विधिक निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।