वन्यजीव सप्ताह में छात्राओं को संरक्षण का संदेश, वन क्षेत्र का कराया भ्रमण!

न्यूज 18+ ब्यूरो निचलौल

 

निचलौल। वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत सरस्वती देवी महिला पीजी कॉलेज, टिकुलहिया-निचलौल में राष्ट्रीय सेवा योजना के बैनर तले जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को वन क्षेत्र का भ्रमण कराकर विभिन्न प्रकार के वन्यजीवों एवं वृक्षों के बारे में वन विभाग की टीम ने जानकारी दी।

 

इसके बाद महाविद्यालय के ओशो सभागार में संगोष्ठी आयोजित हुई। इसमें छात्राओं को वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

 

मुख्य अतिथि वन क्षेत्राधिकारी निचलौल सुनील राव ने कहा कि वन्यजीव मानव जीवन और पर्यावरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनके संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है। डब्ल्यूटीआई के प्रोजेक्ट मैनेजर अरशद हुसैन ने भी वन्यजीव संरक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। विशेष रूप से सांपों की विभिन्न प्रजातियों, उनके महत्व और संरक्षण के संबंध में छात्राओं को विस्तृत जानकारी दी गई।

 

महाविद्यालय के प्राचार्य श्याम बिहारी अग्रवाल ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं को वन्यजीव संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आनंद कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *