*होटल और चखना दुकानों से कथित वसूली के मामले ने पकड़ा तूल; कोतवाली सदर स्थानांतरण के बावजूद रिलीव न करने पर उठ रहे सवाल?*

News 18 Plus/ Bureau /Nichlaul

 

महराजगंज/निचलौल: जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत होटलों और चखना की दुकानों से पुलिस के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। हैरानी की बात यह है कि जिस कर्मी पर इस वसूली नेटवर्क को चलाने के आरोप लगते रहे हैं, उसका तबादला कोतवाली सदर के लिए होने के बावजूद वह अब भी निचलौल थाने में ही डटा हुआ है।

 

स्थानीय सूत्रों और चर्चाओं के मुताबिक, निचलौल थाने में मनीष सिंह को लंबे समय से खासमखास (कारखास) माना जाता रहा है। आरोप है कि उन्हीं के माध्यम से क्षेत्र के होटलों और चखना दुकानों से कथित वसूली का धंधा जोरों पर संचालित होता था। इस मामले को लेकर पूर्व में कई बार खबरें प्रकाशित होने और उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद मनीष सिंह का स्थानांतरण निचलौल थाने से कोतवाली सदर के लिए कर दिया गया था।

 

किसकी शह पर थाने में जमे हैं मनीष सिंह?

 

नियमानुसार तबादला आदेश जारी होने के बाद संबंधित कर्मी को नई तैनाती स्थल के लिए कार्यमुक्त (रिलीव) किया जाना चाहिए, लेकिन मनीष सिंह आज भी निचलौल थाने में ही डटे हुए हैं। स्थानीय स्तर पर यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि आखिर किसके संरक्षण और शह के चलते उन्हें अब तक थाने से रिलीव नहीं किया गया है।

 

नए ‘कारखास’ को दी जा रही वसूली की ट्रेनिंग!:

 

सूत्रों का दावा है कि मनीष सिंह को थाने में रोके रखने के पीछे एक सोची-समझी रणनीति काम कर रही है। बताया जा रहा है कि थाने से जाने से पहले वे नए नियुक्त किए गए एक अन्य खासमखास कारखास (कथित सिंह) को क्षेत्र के होटलों और चखना दुकानों से वसूली के तौर-तरीकों की ट्रेनिंग दे रहे हैं, ताकि उनके जाने के बाद भी यह कथित सिलसिला निर्बाध रूप से चलता रहे।

फिलहाल, तबादले के बाद भी निचलौल थाने में बने रहने और नए कारखास को ट्रेनिंग दिए जाने की चर्चाओं ने स्थानीय स्तर पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस के उच्चाधिकारी इस पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *