नेपाल भागने की फिराक में अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार, वीजा नियम तोड़कर कर रहा था अवैध सीमा पार की कोशिश।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

महराजगंज, 30 मई सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता अभियान के तहत थाना फरेंदा पुलिस ने शनिवार को एक अमेरिकी नागरिक को नेपाल सीमा की ओर अवैध रूप से जाने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए विदेशी नागरिक की पहचान फेलन ट्रैविस एंथनी (Phelan Travis Anthony), निवासी मिसौरी, संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) के रूप में हुई है।

 

पुलिस के अनुसार छतरी पुल के पास चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले विदेशी नागरिक को रोककर पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि वह वीजा नियमों का उल्लंघन कर भारत में निर्धारित अवधि से अधिक समय तक रह रहा था। इस संबंध में थाना फरेंदा में मुकदमा संख्या 144/2026 धारा 23 आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम-2025 के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसका वीजा जून 2025 से वर्ष 2030 तक वैध है, लेकिन नियमों के अनुसार वह एक कैलेंडर वर्ष में अधिकतम 180 दिन ही भारत में रह सकता है। वह अगस्त 2025 में भारत आया था और उसकी निर्धारित प्रवास अवधि 2 फरवरी 2026 को समाप्त हो गई थी।

 

अभियुक्त ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग की समस्या के कारण वह फरवरी में हैदराबाद एयरपोर्ट से देश छोड़ने पहुंचा था, जहां जांच में उसके निर्धारित अवधि से आठ दिन अधिक भारत में रहने का मामला सामने आया। इस पर जुर्माना लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू हुई। उसने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से संपर्क किया, जहां से जुर्माना भरने और अमेरिका लौटने के लिए ऋण की पेशकश की गई, लेकिन उसने ऋण लेने से इनकार कर दिया।

 

पुलिस के मुताबिक कानूनी कार्रवाई और जुर्माने से बचने के लिए वह लंबे समय से हैदराबाद में रह रहा था। बाद में वह महाराजगंज सीमा के रास्ते अवैध रूप से नेपाल में प्रवेश कर वहां से अमेरिका जाने की योजना बना रहा था। फरेंदा पुलिस ने उसकी इस कोशिश को नाकाम करते हुए छतरी पुल के पास गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *