News 18 Plus /Bureau /Thuthibari Maharajganj
महराजगंज, 30 जुलाई 2026।22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), महराजगंज के ई समवाय बरगदवा के जवानों ने एक बार फिर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर समय पर उपचार उपलब्ध कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:25 बजे बरगदवा बाजार निवासी विपिन तिवारी (25 वर्ष), पुत्र श्रीनिवास तिवारी, अपनी मोटरसाइकिल (संख्या UP 56 BJ 5621) से बरगदवा से ग्राम झींगटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीमा चौकी झींगटी के नाका प्वाइंट महावनाला के समीप पुलिया पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सीधे नाले में जा गिरे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सीमा चौकी झींगटी प्रभारी उप निरीक्षक (सामान्य) हरिलाल, मुख्य आरक्षी उपेंद्र कुमार पाण्डेय तथा आरक्षी राम प्रीत पाण्डेय तत्काल सरकारी वाहन से मौके पर पहुँचे। साथ ही स्थानीय थाना बरगदवा पुलिस को भी सूचित किया गया।
मौके पर पहुँचकर एसएसबी जवानों ने ग्रामीणों के सहयोग से कठिन परिस्थितियों के बीच नाले में गिरे युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया, जिससे उसकी स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण मदद मिली।
स्थानीय लोगों ने एसएसबी जवानों की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते सहायता मिलने से युवक की जान बच सकी। एसएसबी की इस पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सुरक्षा के साथ-साथ मानव सेवा भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है।