News 18 Plus /Bureau /Thuthibari Maharajganj
ठूठीबारी (महराजगंज), 30 जुलाई।अंतर्राष्ट्रीय मानव तस्करी रोकथाम दिवस के अवसर पर इंडो-नेपाल बॉर्डर से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में मानव तस्करी के खिलाफ एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। मानव सेवा संस्थान ‘सेवा’ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सशस्त्र सीमा बल (SSB), पुलिस विभाग और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर सीमावर्ती ग्रामीणों को जागरूक करने का सशक्त संदेश दिया।
SSB कैंप से निकली विशाल जागरूकता रैली
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण SSB कैंप बॉर्डर ठूठीबारी से निकाली गई जन-जागरूकता रैली रही। रैली का नेतृत्व SSB के सहायक कमांडेंट हेमंत कुमार तथा ठूठीबारी कोतवाली पुलिस के उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पांडे के संयुक्त मार्गदर्शन में किया गया।
रैली में शामिल जवानों और संस्था के कार्यकर्ताओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर “मानव तस्करी बंद करो”, “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें” जैसे गगनभेदी नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। सीमावर्ती गांवों से गुजरती इस रैली ने आमजन को तस्करों के तौर-तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की महत्वपूर्ण जानकारी दी।
अधिकारियों और जवानों की सक्रिय भागीदारी
अभियान में SSB और पुलिस विभाग के कई जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान नानेश कुमार, गणेश दास, दिलीप कुमार, चंदन मिश्रा, पिंकी कुमारी सहित अन्य सुरक्षाकर्मी पूरे उत्साह और मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे।
‘सेवा’ संस्था के कार्यकर्ताओं ने निभाई अहम भूमिका
मानव सेवा संस्थान ‘सेवा’ के सदस्यों ने भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। संस्था के क्लस्टर हेड वरुण मिश्रा के नेतृत्व में अंजली मिश्रा, गौरी चौधरी, अक्षत चौधरी, नेहा गौतम, मधु गौतम समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जन-सहभागिता से ही रुकेगी मानव तस्करी
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मानव तस्करी एक गंभीर चुनौती है, जिससे निपटने के लिए आम जनता की सतर्कता और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। जागरूकता ही इस अपराध के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है।
इस अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यदि समाज जागरूक और सतर्क रहेगा, तो मानव तस्करी जैसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।