Bureau Report/ News 18 Plus Rajiv Tripathi /Siswa Kothibar
कोठीभार (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के ग्राम खेसरारी मुसहरी टोला, वार्ड नंबर-6 में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। घटना में पिता-पुत्र घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित रामनरेश गुप्ता पुत्र भगवन्त गुप्ता, निवासी खेसरारी मुसहरी टोला, ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 19 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे जमीनी विवाद को लेकर गांव के ही लोरिक, दुर्गविजय, अंकित और राधा देवी ने उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों, लात-घूंसों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे रामनरेश गुप्ता के पुत्र परशुराम गुप्ता के साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना में पिता-पुत्र दोनों घायल हुए।
थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।