*मिशन शक्ति 5.0 के तहत निचलौल में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’, महिलाओं को सुरक्षा, अधिकार और आत्मरक्षा के प्रति किया गया जागरूक!*

News 18 Plus /Bureau: Nichlaul

 

महराजगंज। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत रविवार को निचलौल थाना क्षेत्र के बढ़ैयपुरवा में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लेकर सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और आत्मरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

 

सम्मेलन के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को छेड़खानी, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार तथा अन्य महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक किया। टीम ने बताया कि ऐसे मामलों में डरने के बजाय कानूनी सहायता लेकर अपराधियों के खिलाफ आवाज उठाना आवश्यक है। साथ ही बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपाय और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम में किशोरियों के बिना बताए घर छोड़ने की बढ़ती घटनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मिशन शक्ति टीम ने उपस्थित माताओं और बेटियों को ऐसे कदमों से उत्पन्न होने वाली कानूनी, सामाजिक और पारिवारिक समस्याओं से अवगत कराते हुए समझाया कि किसी भी समस्या का समाधान संवाद और कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए।

 

सम्मेलन में महिलाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क कर त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है।

 

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीण महिलाओं ने मिशन शक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं और बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *