*बहू-बेटी सम्मेलन में मिशन शक्ति का संदेश: महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा, अधिकार व हेल्पलाइन की दी जानकारी!*

News 18 Plus /Bureau: Siswa Kothibar

 

 

महराजगंज। थाना कोठीभार क्षेत्र के बीजापार गांव में रविवार को मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में लगभग 30 महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों को उनकी सुरक्षा, अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

 

कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक नेहा कुमारी, महिला कांस्टेबल मधु, मानसी वर्मा एवं सुमन वर्मा ने उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार, साइबर अपराध सहित महिलाओं से जुड़े विभिन्न अपराधों से बचाव के उपाय बताए। साथ ही आपातकालीन एवं सहायता हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181, 1930, 102 और 108 की जानकारी दी गई।

 

पुलिस टीम ने वर्तमान समय में लड़कियों के घर से चले जाने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया और अभिभावकों व बेटियों को सतर्क रहने की सलाह दी। इसके साथ ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ सहित महिलाओं के सशक्तिकरण और कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।

 

सम्मेलन के दौरान महिलाओं और बालिकाओं ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *