न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल
महराजगंज। सरस्वती देवी महिला महाविद्यालय, टिकुलिया निचलौल में सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना की रानी लक्ष्मीबाई इकाई के तत्वावधान में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर ‘वर्तमान समय में भगत सिंह के विचारों की प्रासंगिकता’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी में महाविद्यालय की छात्राओं ने भगत सिंह के विचारों और उनके जीवन-दर्शन पर अपने विचार रखे। छात्राओं ने वैचारिक एवं बौद्धिक क्रांति की आवश्यकता, वास्तविक आजादी तथा सामाजिक समानता जैसे विषयों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट उद्बोधन के लिए प्रतिभागी छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य श्याम बिहारी अग्रवाल ने कहा कि सरदार भगत सिंह का भारतीय स्वाधीनता आंदोलन में विशेष योगदान रहा है। उनके विचार आज भी समाज और युवाओं के लिए प्रेरणादायी हैं। युवाओं को भगत सिंह के जीवन, संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आनंद कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर शिक्षक सत्येंद्र गुप्त, डिंपल पटेल, रामकेश चौधरी, उमेश चौधरी, मानवेंद्र तिवारी, धर्मेंद्र प्रसाद, अजय तानिया जायसवाल, साक्षी तिवारी, योगेश विश्वकर्मा, रुक्मणी श्रीवास्तव, अमेरिका यादव सहित एनएसएस की छात्राएं एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।