न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/कोठीभार
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के किशुन गौरी गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 17 वर्षीय किशोरी का शव घर के अंदर छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान माया पुत्री उमेश गौंड, उम्र करीब 17 वर्ष, निवासी किशुन गौरी के रूप में हुई है। मृतका की मां पूनम देवी ने पुलिस को लिखित सूचना दी कि वह और उनके पति घर पर नहीं रहते हैं। उनकी बेटी माया अपनी दादी के साथ किशुन गौरी स्थित घर में रहती थी और सिसवा बाजार में एक कपड़े की दुकान पर काम करती थी।
सोमवार को किशोरी के घर में फांसी लगाने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ पाया। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। घटना के कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।