सीमा चौकी शीतलापुर के जवानों ने तस्करी की कोशिश नाकाम की, 15 बोरियों में भरे बीज बरामद; अन्य तस्कर नेपाल की ओर भागने में सफल।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल
महराजगंज, 22 नवंबर। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 किलोग्राम तृतीय देश के कद्दू बीज बरामद किए हैं। इस दौरान दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक होने का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब सात बजे 22वीं वाहिनी के अंतर्गत एफ समवाय झुलनीपुर की सीमा चौकी शीतलापुर को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति नेपाल से अवैध रूप से तृतीय देश के कद्दू बीज भारत लाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही सीमा चौकी प्रभारी ने विशेष गश्ती दल गठित कर तत्काल संबंधित क्षेत्र में रवाना किया।
सुबह करीब 7:30 बजे अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 501 से लगभग 100 मीटर भारतीय क्षेत्र में ग्राम रेंगहिया, थाना निचलौल के समीप गश्ती दल ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को सिर पर बोरे लेकर जाते देखा। जवानों ने उन्हें रुकने का संकेत दिया तो वे बोरियां छोड़कर भागने लगे। गश्ती दल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और दो व्यक्तियों को पकड़ लिया, जबकि शेष लोग नेपाल की ओर भाग निकले।
मौके पर छोड़ी गई बोरियों की तलाशी लेने पर तृतीय देश के कद्दू बीज से भरी कुल 15 बोरियां बरामद हुईं। प्रत्येक बोरी का वजन 40 किलोग्राम था। इस प्रकार बरामद बीजों का कुल वजन 600 किलोग्राम पाया गया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान गोपाल कुर्मी पुत्र घुरहू कुर्मी तथा अमरजीत कुर्मी पुत्र शंकर कुर्मी, दोनों निवासी ग्राम भैरमपुर, थाना प्रतापपुर, जिला नवलपरासी, नेपाल के रूप में हुई है।
एसएसबी की इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी के प्रयासों पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।