Bureau Report/ Rakesh Tripathi Maharajganj /News 18 Plus/ Chief Editor
डीएम की समीक्षा बैठक में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश, सौंदर्यीकरण व यातायात सुधार पर जोर!
महराजगंज, 10 जुलाई 2026। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कैंप कार्यालय में ‘नवयुग पालिका योजना’ की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगर के विकास, सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला क्रीड़ा स्टेडियम में विश्वस्तरीय तरणताल (स्विमिंग पूल) के निर्माण के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्विमिंग पूल बनने से जिले के तैराकों और खेल प्रेमियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण एवं सुविधाएं मिल सकेंगी।
नगर के सौंदर्यीकरण को गति देने के लिए अधिशासी अधिकारी को सक्सेना चौराहे के कायाकल्प का निर्देश दिया गया। इसके तहत चौराहे का सुंदरीकरण कर डॉ. शिब्बन लाल सक्सेना की प्रतिमा स्थापना के लिए भव्य चबूतरे का निर्माण कराया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण के कारण लोगों को जाम और सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर प्रेम शंकर पांडेय, अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार, डॉ. घनश्याम शर्मा सहित पालिका एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।