धनेवा-धनेई आईटीआई में आज लगेगा रोजगार मेला, निजी कंपनी करेगी युवाओं का चयन।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

एप्टीट्यूड टेस्ट और साक्षात्कार के जरिए होगा चयन, भाग लेने वाले अभ्यर्थियों से मांगे गए आवश्यक दस्तावेज

 

 

 

जिला सेवायोजन कार्यालय महराजगंज एवं राजकीय आईटीआई महराजगंज के संयुक्त तत्वावधान में 9 जून 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन राजकीय आईटीआई धनेवा-धनेई परिसर में किया जाएगा। रोजगार मेला प्रातः 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी ध्रुव ट्रान्समिशन लिमिटेड विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेगी।

 

कंपनी ऑटोमोटिव वायरिंग हार्नेस एवं इलेक्ट्रिकल कंपोनेंट्स के निर्माण क्षेत्र की अग्रणी इकाई है, जो देश और वैश्विक बाजार में प्रमुख ऑटोमोबाइल उद्योगों को सेवाएं प्रदान करती है। रोजगार मेले में कंपनी के प्लेसमेंट अधिकारी उपस्थित रहकर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।

 

चयन प्रक्रिया एप्टीट्यूड टेस्ट एवं साक्षात्कार के माध्यम से संपन्न होगी। मेले में मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल ट्रेड के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ पहचान पत्र, पासपोर्ट आकार के दो फोटो, शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की प्रतियां तथा बायोडाटा लेकर निर्धारित समय पर आईटीआई परिसर पहुंचना होगा।

 

आयोजकों ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है। अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा तथा यात्रा व्यय भी देय नहीं होगा।

 

युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर माना जा रहा यह मेला क्षेत्र के तकनीकी शिक्षित अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *