छह माह का कार्यकाल बढ़ते ही ‘सत्ता का नशा’! नौनिया में बदहाल सड़कें, जलभराव से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

न्यूज़ 18 प्लस ब्यूरो: दिलीप कुमार पाण्डेय निचलौल

 

महराजगंज। निचलौल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा नौनिया में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत पर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि ग्राम पंचायत में लाखों रुपये खर्च और निकासी के दावों के बावजूद गांव की सड़कें और नालियां बदहाल स्थिति में हैं, जिससे लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि हरिजन बस्ती को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग हल्की बारिश होते ही जलमग्न हो जाता है। इंद्रदेव की थोड़ी सी कृपा के बाद ही सड़क का स्वरूप किसी नदी जैसा दिखाई देने लगता है। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़क पर जमा रहता है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत प्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर धनराशि खर्च होने के बावजूद जमीनी स्तर पर उसका असर दिखाई नहीं दे रहा है।

 

ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि पंचायत का कार्यकाल बढ़ने के बाद जनसमस्याओं के समाधान की अपेक्षा थी, लेकिन हालात पहले जैसे ही बने हुए हैं। गांव में जगह-जगह जलभराव, टूटी सड़कें और गंदगी लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है।

 

अब ग्रामीण जिला प्रशासन से जवाब मांग रहे हैं कि आखिर इस बदहाली के लिए जिम्मेदार कौन है? ग्राम पंचायत, ग्राम विकास अधिकारी या फिर संबंधित प्रशासनिक तंत्र? लोगों ने मांग की है कि गांव की सड़कों और नालियों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शीघ्र स्थायी समाधान कराया जाए।

 

ग्रामीणों का सीधा सवाल:

“जब विकास कार्यों पर लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं, तो फिर गांव की सड़कें आज भी बदहाल क्यों हैं? आखिर जनता की समस्याओं का जिम्मेदार कौन?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *