Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj
गोरखपुर जोन में ट्रांसफर आर्डर के बाद भी नहीं हिली कुर्सी!
गोरखपुर/महराजगंज:उत्तर प्रदेश पुलिस में अनुशासन और आदेशों के पालन को लेकर आला अधिकारी भले ही सख्त रुख अपना रहे हों, लेकिन धरातल पर कुछ और ही कहानी चल रही है। ताजा मामला गोरखपुर जोन का है, जहाँ अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) द्वारा परिक्षेत्रीय स्थापना बोर्ड के निर्णय के तहत जारी किए गए ट्रांसफर ऑर्डर के डेढ़ महीने बीत जाने के बाद भी दारोगा अपनी पुरानी कुर्सियों से टस से मस नहीं हो रहे हैं।
मामला महराजगंज जिले के निचलौल थाने से जुड़ा है, जहाँ तैनात उप निरीक्षक (ना०पु०) अंकित सिंह और अमित कुमार सिंह स्थानांतरण आदेश जारी होने के बावजूद अभी भी जमे हुए हैं।
क्या है पूरा मामला?
बीते 25 मई 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन द्वारा ग्रीष्मकालीन व्यवस्था-2026 के अन्तर्गत एक व्यापक तबादला सूची (आदेश संख्या: जीजेड-सीए-पाँच-(18)-2026/8255, 8256, 8258) जारी की गई थी। इस आदेश के तहत परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों में अपना कार्यकाल पूर्ण कर चुके उप निरीक्षकों का तत्काल प्रभाव से गैर-जनपद तबादला किया गया था।
सरकारी आदेश की आधिकारिक सूची के अनुसार:
अमित कुमार सिंह (पीएनओ नंबर: 182473441):इनका तबादला महराजगंज से देवरिया जनपद के लिए किया गया था।
अंकित सिंह (पीएनओ नंबर: 182473366):इनका तबादला भी महराजगंज से देवरिया जनपद के लिए किया गया था।
आदेशों की सरेआम अवहेलना उठ रहे सवाल परिक्षेत्रीय स्थापना बोर्ड के निर्णय के बाद जारी इस शासकीय आदेश में स्पष्ट निर्देश था कि यह ट्रांसफर ‘तत्काल प्रभाव’ से लागू होगा। लेकिन हैरानी की बात यह है कि मई महीने का यह आदेश जुलाई का आधा हफ्ता बीत जाने के बाद भी फाइलों में ही दबा हुआ है। निचलौल थाने में तैनात ये दोनों उपनिरीक्षक आदेश को ठेंगा दिखाते हुए अभी भी वहीं मलाईदार कुर्सियों पर काबिज हैं।

अब क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इन दारोगाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते ये पुलिस कप्तान और एडीजी स्तर के आदेशों को भी हल्के में ले रहे हैं। देखना यह है कि इस खबर के सामने आने के बाद आला अधिकारी इन पर क्या कड़ा रुख अपनाते हैं और इन्हें कब तक नए आवंटित जनपद (देवरिया) के लिए रवाना किया जाता है।