Bureau Report /Sarvesh Chaturvedi /Farenda Correspondent /News 18 Plus
तीन वर्ष पहले हुई थी शादी, मायके पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज; पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई!
आनंदनगर/महराजगंज। फरेंदा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा ओढ़वलिया के टोला भरथीपुर में गुरुवार देर शाम एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर छत की कुंडी से फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही फरेंदा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतका संगीता (25) का विवाह लगभग तीन वर्ष पूर्व श्रीकेश कुमार पुत्र जोगी साहनी निवासी भरथीपुर से हुआ था। विवाह के बाद से दंपति की कोई संतान नहीं थी। गुरुवार रात करीब आठ बजे संगीता का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। मृतका के भाई राधेश्याम निषाद, निवासी शनिचरा, थाना बखिरा (जनपद संतकबीरनगर), ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने फरेंदा कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न एवं मौत के मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फरेंदा कोतवाल राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।