Bureau Report /Rajiv Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Co-Editor
महराजगंज, 08 मई 2026 कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन द्वारा एडवोकेट सभागार में नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अधिवक्ताओं ने माल्यार्पण कर जिलाधिकारी का स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के पूर्व में मुख्य विकास अधिकारी रहते हुए जनपद में किए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए पुनः जनपद में आगमन पर बधाई दी। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश शुक्ला एवं मंत्री आनन्द पाण्डेय ने उन्हें सम्मानित किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि वर्ष 2021 से पूर्व गोरखपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर कार्य करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रियाओं का महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुआ। वरिष्ठ अधिवक्ताओं की बहस सुनने और न्यायिक जटिलताओं को समझने का अवसर मिला, जिससे उनकी प्रशासनिक कार्यशैली और मजबूत हुई।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 से 2023 तक मुख्य विकास अधिकारी एवं गोरखपुर नगर आयुक्त के रूप में कार्य करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई। महराजगंज को बेहतर जनपद बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां बार और बेंच के बीच अच्छा समन्वय देखने को मिलता है, जो न्यायिक कार्यों के सुचारू संचालन में सहायक है। उन्होंने इस समन्वय को बनाए रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी वरिष्ठ एवं नवोदित अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता शम्भू शरण श्रीवास्तव, केशव पाण्डेय, अनिरुद्ध श्रीवास्तव, दिनेश लाल, राकेश बिहारी लाल श्रीवास्तव, विंध्यवासिनी मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्रा सहित अनेक अधिवक्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।