Bureau Report/ Raju Yadav /Paniara /News 18 Plus Correspondent
महराजगंज। जिले के पनियरा थाना क्षेत्र स्थित सावणी भारत गैस एजेंसी पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गैस सिलेंडर वितरण के दौरान उपभोक्ताओं और एजेंसी कर्मचारियों के बीच विवाद भड़क उठा। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई, जिससे एजेंसी परिसर में काफी देर तक हंगामे का माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं की लंबी लाइन और वितरण व्यवस्था को लेकर पहले बहस शुरू हुई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच तीखी झड़प हो गई और मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे विवाद का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में चर्चा और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
वीडियो सामने आने के बाद पनियरा थाना पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।