Bureau Report /Rakesh Tripathi /Nichlaul News 18 Plus/ Chief Editor
महराजगंज जनपद के निचलौल कस्बे में शनिवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सिसवा रोड पर राय साहब के मकान के समीप एक चार पहिया वाहन और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तत्काल राहत कार्य में जुट गए।
घायल की पहचान नंदकिशोर कुशवाहा (60 वर्ष), पुत्र छेदी, निवासी बाजार उर्फ एरोली के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद चार पहिया वाहन का चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन घटनास्थल पर ही छोड़ दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।