रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
महराजगंज, 06 जून 2026: आगामी पुलिस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने जनपद के प्रमुख परीक्षा केंद्रों—पंचायत इंटर कॉलेज परतावल एवं महराजगंज इंटर कॉलेज—का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल एवं यातायात प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाए। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के अवैध प्रयोग और नकल की संभावनाओं पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे, इसके लिए प्रभावी प्रबंधन किया जाए। परीक्षा की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
साथ ही अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।