Bureau Report )Rakesh Tripathi, /Thuthibari News 18) Plus Chief Editor
महराजगंज:जनपद के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नौवाबारी गांव में खेत के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद मंगलवार की रात अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पिता ने ही अपने बेटे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता मीरा, पत्नी कमलेश साहनी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बीते दिनों रात करीब 8 बजे उनके पति कमलेश साहनी अपने पिता किशोरी साहनी के साथ खेत के हिस्से के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक रूप ले बैठा।
आरोप है कि गुस्से में आकर पिता किशोरी साहनी ने पहले बेटे के साथ मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कमलेश साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए महराजगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने अपने ससुर से इलाज के लिए सहयोग मांगा, तो उन्होंने न केवल इंकार कर दिया बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी किशोरी साहनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।