Bureau Report /Nursing Upadhyay Maharajganj /News18 Plus /Sub Editor
महराजगंज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षा मित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी के बाद जनपद में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में “पूरी हुई आस” शीर्षक से भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा मित्रों को सम्मानित किया गया और लाइव संबोधन के माध्यम से मुख्यमंत्री का संदेश भी प्रसारित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने की। मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किए जाने की खुशी में जनपद के 1775 शिक्षा मित्रों में से 10 चयनित शिक्षा मित्रों को प्रतीकात्मक रूप से 18 हजार रुपये का डेमो चेक देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह और सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा मित्रों ने प्राथमिक शिक्षा को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके योगदान को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय लेकर उन्हें सम्मान देने का कार्य किया है।
वक्ताओं ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय ही शिक्षा की नींव होते हैं, जहां से निकलकर बच्चे आगे चलकर वैज्ञानिक, आईएएस, आईपीएस और अन्य उच्च पदों तक पहुंचते हैं। शिक्षा मित्रों और शिक्षकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। साथ ही अभिभावकों से समय-समय पर संवाद कर बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, बेसिक शिक्षा अधिकारी ऋद्धि पांडेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा मित्र एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।