*महराजगंज को मिला नया जिलाधिकारी: गौरव सिंह सोगरवाल संभालेंगे कमान, विकास और सुशासन की जगी नई उम्मीद।*

Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor 

महराजगंज उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत जनपद महराजगंज को नया जिलाधिकारी मिल गया है। 2017 बैच के आईएएस अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को जिले की कमान सौंपी गई है। वहीं, वर्तमान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का तबादला फिरोजाबाद के जिलाधिकारी पद पर किया गया है।

नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल 04 मई को अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।

 

सीमावर्ती और भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण महराजगंज जनपद में प्रशासनिक चुनौतियां हमेशा बनी रहती हैं। ऐसे में नए डीएम के आगमन से जनपदवासियों को विकास, सुरक्षा और त्वरित न्याय की दिशा में नई उम्मीदें जगी हैं।

 

कौन हैं गौरव सिंह सोगरवाल?

 

गौरव सिंह सोगरवाल का जन्म 27 मार्च 1989 को राजस्थान के भरतपुर में हुआ। उन्होंने पुणे स्थित भारतीय विद्या पीठ से वर्ष 2015 में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से लोक प्रबंधन में स्नातकोत्तर (एमए) किया।

वे भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वर्ष 2017 बैच के अधिकारी हैं और उत्तर प्रदेश कैडर से जुड़े हुए हैं।

 

प्रशासनिक अनुभव की बात करें तो वे 22 फरवरी 2023 से गोरखपुर में नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत रहे हैं। इससे पूर्व वे सहायक कलेक्टर, मजिस्ट्रेट, संयुक्त मजिस्ट्रेट तथा उपजिलाधिकारी (एसडीएम) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

उपलब्धियों से बनाई अलग पहचान

गौरव सिंह सोगरवाल अपने सख्त और प्रभावी प्रशासन के लिए जाने जाते हैं। गोरखपुर में एसडीएम सदर रहते हुए उन्होंने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया।

शहरी क्षेत्र में लगभग 80 एकड़ तथा ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 350 एकड़ सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया। इनमें नजूल और सीलिंग की जमीनें भी शामिल थीं, जिन पर वर्षों से प्रभावशाली लोगों का कब्जा था।

 

इतना ही नहीं, करीब दो दशक से अधिक समय से लंबित ताल सुमेर सागर की लगभग 12 एकड़ भूमि को भी कब्जामुक्त कराकर उसे पुनः तालाब के स्वरूप में विकसित कराया। उनके इन कार्यों को “गोरखपुर मॉडल” के रूप में देशभर में सराहा गया।

 

कोरोना काल में शुरू की थी घर-घर आपूर्ति व्यवस्था

वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान, जब लॉकडाउन लागू था, तब गौरव सिंह सोगरवाल गोरखपुर सदर में संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम के पद पर तैनात थे।

उन्होंने लोगों को घर बैठे आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के लिए घर-घर आपूर्ति (होम डिलीवरी) व्यवस्था की शुरुआत कराई।

 

इस पहल के तहत एक दर्जन से अधिक पोर्टल और मोबाइल अनुप्रयोग तैयार कराए गए, जिनके माध्यम से लोग ऑनलाइन ऑर्डर देकर आवश्यक वस्तुएं अपने घर मंगा सकते थे। दवाइयों से लेकर राशन तक हर जरूरी सामान की आपूर्ति सुनिश्चित की गई।

इस व्यवस्था की नियमित निगरानी भी की जाती थी, जिससे जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंच सके।

उनकी इस पहल की सराहना प्रधानमंत्री कार्यालय तक ने की। इसके अलावा उन्होंने लोगों को कोरोना जांच के प्रति जागरूक करने के लिए स्वयं घर-घर जाकर प्रेरित किया, जिससे बड़ी संख्या में लोगों ने जांच कराई।

जनता को नई उम्मीद

महराजगंज जैसे संवेदनशील और सीमावर्ती जिले में नए जिलाधिकारी के रूप में गौरव सिंह सोगरवाल से प्रशासनिक सख्ती, पारदर्शिता और विकास कार्यों में तेजी की उम्मीद की जा रही है।

जनता को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में जिले में सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण की दिशा में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *