जनसरोकार, नवाचार और विकास की मिसाल बने संतोष कुमार शर्मा, एक वर्ष का कार्यकाल बना यादगार।

Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus/ Chief Editor 

 

महराजगंज। जनपद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का स्थानांतरण फिरोजाबाद जनपद होने के बाद उनके एक वर्ष के कार्यकाल की चर्चा आमजन में व्यापक रूप से हो रही है। उनका कार्यकाल प्रशासनिक नवाचार, जनसरोकार और समग्र विकास के कई महत्वपूर्ण आयाम स्थापित करने के लिए याद किया जा रहा है।

 

जिलाधिकारी के नेतृत्व में बी-पैक्स महासदस्यता अभियान को अभूतपूर्व सफलता मिली। इस अभियान के तहत 1.30 लाख से अधिक सदस्य बनाए गए तथा सहकारी समितियों को 2.20 करोड़ रुपये की अंश पूंजी प्राप्त हुई, जिससे महराजगंज प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। इससे समितियों का व्यापार बढ़ा और रबी सत्र में किसानों को खाद की समस्या से राहत मिली। साथ ही, लंबे समय से निष्क्रिय पड़ी 34 सहकारी समितियों को पुनः सक्रिय कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की गई।

 

जनसमस्याओं के समाधान को लेकर उनकी कार्यशैली विशेष रूप से सराही गई। जनता दर्शन को सभी के लिए सुलभ बनाया गया तथा अधिकारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया गया। शिकायतों के निस्तारण हेतु प्रभावी और समयबद्ध प्रक्रिया विकसित की गई, साथ ही स्वयं वर्चुअल माध्यम से संवाद कर लोगों की समस्याएं सुनी गईं।

 

ग्राम चौपालों को पुनर्जीवित कर उन्हें प्रभावी बनाया गया। सदर से लेकर सोहागीबरवा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में स्वयं पहुंचकर अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान सुनिश्चित किए।

 

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ‘विरासत वृक्ष अभियान’ एक अभिनव पहल के रूप में उभरा, जिसके तहत लगभग 550 गांवों में प्राचीन एवं ऐतिहासिक वृक्षों का चिन्हांकन कर संरक्षण किया गया। ‘सीटीयू निर्माण’ के माध्यम से गांवों के अनुपयोगी स्थलों को विकसित कर सार्वजनिक उपयोग में लाया गया, जिससे स्वच्छता और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा मिला। गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए उन्हें सीसीटीवी से जोड़कर आईसीसीसी से लिंक किया गया और नियमित ऑनलाइन निरीक्षण से उनकी स्थिति में सुधार सुनिश्चित हुआ।

 

महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ को जनआंदोलन का रूप दिया गया, जिसमें जनपद देश के शीर्ष 10 जिलों में शामिल हुआ। ‘कस्तूरबा मेंटरशिप प्रोग्राम’ के तहत बालिकाओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। ‘रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष’ के अंतर्गत 10 वर्षों से लंबित लगभग 500 प्रकरणों का मात्र दो माह में निस्तारण कर पीड़ित महिलाओं और बच्चियों को आर्थिक सहायता दिलाई गई, जो संवेदनशील प्रशासन का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।

 

राजस्व एवं प्रशासनिक सुधारों में ‘फॉर्मर रजिस्ट्री’ अभियान को मिशन मोड में संचालित किया गया, जिसमें अधिकारी सुबह गांवों में पहुंचकर कार्य कर रहे थे और इसकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही थी। ‘एसआईआर’ कार्य भी समयबद्ध और विवादरहित रूप से संपन्न हुआ, जिसकी सभी राजनीतिक दलों ने सराहना की। इसके साथ ही वर्षों से लंबित वादों का भी प्रभावी निस्तारण किया गया।

 

नेपाल में हुई बस दुर्घटना के दौरान उनकी संवेदनशीलता स्पष्ट रूप से सामने आई, जब उन्होंने त्वरित समन्वय कर श्रद्धालुओं को चिकित्सा सहायता दिलाई और सुरक्षित भारत लाकर उपचार सुनिश्चित कराया।

 

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का कार्यकाल महराजगंज में विकास, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन का प्रतीक रहा। उनके द्वारा स्थापित कार्यसंस्कृति और नवाचार भविष्य में भी मार्गदर्शक बने रहेंगे।जनपदवासियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें भावपूर्ण विदाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *