Bureau Report/ Rakesh Tripathi/ Maharajganj News 18 Plus/ Chief Editor
पात्र बंदियों को समयबद्ध कानूनी सहायता और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश।
महराजगंज। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने बुधवार को लीगल एड डिफेन्स काउंसिल सिस्टम (एलएडीसीएस) की टीम के साथ जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विचाराधीन बंदियों के लंबित मामलों की समीक्षा की गई तथा पात्र बंदियों को समय पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने बंदियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं और विधिक आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने पात्र बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता, विधिक परामर्श और अन्य आवश्यक कानूनी सेवाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
सचिव ने लीगल एड डिफेन्स काउंसिल सिस्टम के अधिवक्ताओं को निर्देश दिया कि कारागार में निरुद्ध प्रत्येक पात्र बंदी के मुकदमों का नियमित अनुश्रवण किया जाए, न्यायालयों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए तथा जमानत योग्य मामलों में समयबद्ध विधिक कार्रवाई कर पात्र बंदियों को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
उन्होंने कहा कि आर्थिक या अन्य किसी कारण से कोई भी पात्र व्यक्ति विधिक सहायता से वंचित नहीं रहेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सभी पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए बंदियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए। साथ ही भविष्य में नियमित कारागार निरीक्षण और विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक बी.के. गौतम, प्रभारी जेलर रत्ना सिंह, डिप्टी जेलर अविनाश, राम उग्गन तथा जेल चिकित्सक डॉ. श्याम बाबू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।