*ट्रॉली की चपेट में आने से मिस्त्री की दर्दनाक मौत, वेल्डिंग करते समय हुआ हादसा।*

Bureau Report /News 18+ Bureau: Rajiv Tripathi /Siswa /Co-Editor

सिसवा 25 मई 2026 महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत सबया उत्तर टोला में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रॉली मिस्त्री की मौत हो गई। ट्रॉली की वेल्डिंग के दौरान अचानक ट्रॉली पलट गई, जिससे नीचे दबकर वृद्ध मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामदवन विश्वकर्मा (69 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय बलदेव विश्वकर्मा निवासी सबया उत्तर टोला थाना कोठीभार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामदवन विश्वकर्मा ट्रॉली का पहिया निकालकर उसे सपोर्ट पर खड़ा कर वेल्डिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक ट्रॉली असंतुलित होकर पलट गई और वह उसके नीचे दब गए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

इस संबंध में थानाध्यक्ष कोठीभार अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है। मृतक ट्रॉली की मरम्मत और वेल्डिंग का कार्य कर रहे थे, तभी ट्रॉली पलटने से वह उसके नीचे दब गए। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *