*अचानक कार का दरवाजा खुलने से बाइक सवार गंभीर घायल, कोर्ट के आदेश पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा!*

Bureau Report/ Rakesh Tripathi /News 18 Plus Siswa Kothibar /Chief Editor 

 

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के बढ़या चौराहे के पास सड़क किनारे खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुलने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दाहिने पैर में तीन जगह फ्रैक्चर और कंधे की हंसली की हड्डी टूट गई। मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने पर पीड़ित पक्ष ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद कोठीभार पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के मेडिरहवां निवासी लक्ष्मण अपनी ससुराल दुर्बलिया आ रहे थे। शाम करीब छह बजे वह बढ़या चौराहे के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी कार संख्या UP 56 E 7046 के चालक ने बिना पीछे देखे अचानक कार का दायां दरवाजा खोल दिया। बाइक सवार लक्ष्मण खुले दरवाजे से जा टकराए और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसे में लक्ष्मण के दाहिने पैर में तीन स्थानों पर फ्रैक्चर हो गया, जबकि कंधे की हंसली की हड्डी भी टूट गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा बाजार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला संयुक्त चिकित्सालय महराजगंज रेफर कर दिया गया।

 

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद कोठीभार थाने में शिकायत की गई, लेकिन पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई का आश्वासन मिलता रहा और मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक महराजगंज को रजिस्ट्री डाक के माध्यम से भी शिकायत भेजी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित पक्ष ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

 

मामले की सुनवाई के बाद सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/न्यायिक मजिस्ट्रेट, महराजगंज ने कोठीभार थानाध्यक्ष को संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार विवेचना करने का निर्देश दिया।

 

कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कोठीभार पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दुर्गविजय सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *