जय श्रीराम’ और ‘जय बजरंगबली’ के जयघोष से गूंजा नौतनवा, निकली भव्य शोभायात्रा! महावीर अखाड़ा के तत्वावधान में हनुमान जी की मूर्ति स्थापना का 30वां वार्षिक उत्सव, आकर्षक झांकियों और पारंपरिक युद्ध कौशल ने मोहा मन।

News 18प्लस ब्यूरो/सत्यम सोनी/नौतनवां 

 

नौतनवा, महराजगंज। नगर के नानक नगर वार्ड से बुधवार को महावीर अखाड़ा के तत्वावधान में हनुमान जी की मूर्ति स्थापना के 30वें वार्षिक उत्सव के अवसर पर भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पूरे नगर में गूंजते “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

शोभायात्रा में भगवान हनुमान, राधा-कृष्ण और राम दरबार समेत विभिन्न आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। घोड़े, ऊंट, झांसी की रानी की वीरता पर आधारित जीवंत प्रस्तुति तथा बुलडोजर पर सुसज्जित विशाल धनुष लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। महावीर अखाड़ा के युवाओं ने लाठी, झंडे और पारंपरिक युद्ध कौशल के हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुटी रही।

 

नानक नगर से मां बनैलिया मंदिर तक पहुंची शोभायात्रा

 

शोभायात्रा नानक नगर से प्रारंभ होकर हनुमान चौक, घंटाघर चौक, अस्पताल चौराहा, जायसवाल मोहल्ला, काली मंदिर चौराहा, अटल चौक और गांधी चौक होते हुए मां बनैलिया मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

 

कार्यक्रम आयोजक अंतरराष्ट्रीय राजू पहलवान ने बताया कि हनुमान जी की मूर्ति स्थापना के 30वें वार्षिक उत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ सहभागिता की अपील की।

 

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

 

शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह एवं थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग पर तैनात रहे। पुलिस की निगरानी में शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

 

इस अवसर पर संरक्षक नंदलाल जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, सत्यम सोनी, अध्यक्ष जितेंद्र नायक, महामंत्री रिशु मद्धेशिया, भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल, मनोज जायसवाल, राजा वर्मा, पंकज श्रीवास्तव, अमर पहलवान, दीपक अग्रहरि, करण पहलवान, अंबर जायसवाल, अमन कसौधन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *