आगामी त्योहारों को लेकर चौक थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील।

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: राकेश त्रिपाठी 

महराजगंज/चौक 20 मई 2026 आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से थाना चौक परिसर में बुधवार को पीस कमेटी की गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी निचलौल ने की, जिसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

 

बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी निचलौल ने उपस्थित लोगों से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता के प्रतीक होते हैं। ऐसे में सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए मिल-जुलकर त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।

 

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक पोस्टों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहेगा।

 

बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं और व्यापारियों ने भी आपसी सौहार्द बनाए रखने पर बल देते हुए पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि क्षेत्र में भाईचारे की परंपरा को कायम रखते हुए सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाएंगे।

 

गोष्ठी के दौरान यातायात व्यवस्था, बाजारों में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सहयोगात्मक रवैया अपनाने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

 

बैठक में थाना चौक पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *