News 18 Plus /Bureau /Correspondent Maharajganj
महराजगंज। जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव में कथित दबंगई और मारपीट की एक गंभीर घटना सामने आई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि करीब 10 से 15 लोगों का समूह लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आया और महिलाओं व पुरुषों सहित परिवार के सदस्यों पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों का कहना है कि हमले में परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ लोग बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। घायलों को आनन-फानन में विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। पीड़ित परिवार का दावा है कि इलाज पर अब तक करीब ढाई लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।
घटना के बाद से परिवार भय और दहशत के साये में जी रहा है। पीड़ितों का आरोप है कि इतनी गंभीर वारदात के बावजूद उन्हें समय पर न्याय नहीं मिला, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिवार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, गिरफ्तारी और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि दोषियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाओं से आमजन का कानून पर भरोसा कमजोर हो सकता है।