News 18 Plus /Bureau: Maharajganj
महराजगंज, 21 जुलाई। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और ओडीओपी समेत विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित सभी स्वरोजगार ऋण योजनाओं के लंबित आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना ठोस और उचित कारण के किसी भी पात्र आवेदक का आवेदन निरस्त नहीं किया जाए तथा अधिक से अधिक ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने उपायुक्त उद्योग को बैंकवार लंबित आवेदनों की सूची तैयार कर संबंधित बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 1800 का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष अब तक 979 आवेदन विभिन्न बैंकों को भेजे जा चुके हैं। इनमें 252 आवेदन स्वीकृत हुए हैं तथा 249 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है। वहीं 371 आवेदन स्वीकृति और 34 आवेदन ऋण वितरण के लिए लंबित हैं।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 128 लक्ष्य के सापेक्ष 104 आवेदन बैंकों को भेजे गए हैं। इनमें 29 आवेदन स्वीकृत हुए हैं तथा 20 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है।
ओडीओपी योजना के अंतर्गत 26 लक्ष्य के सापेक्ष 17 आवेदन बैंकों को भेजे गए हैं। पिछले वर्ष के लंबित मामलों को मिलाकर अब तक 27 लाभार्थियों को ऋण वितरण किया जा चुका है। बैठक में कहा गया कि ओडीओपी जनपद की पहचान से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है, इसलिए बैंक काष्ठ उत्पाद उद्योग को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
व्यापार बंधु की बैठक में जीएसटी पंजीकरण बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने व्यापारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को जीएसटी पंजीकरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि जीएसटी पंजीकरण कराने वाले व्यापारियों को मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध होता है।
बैठक में उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संबंधित विभागों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग नीरज सिंह, सहायक आयुक्त राकेश जयसवाल, एलडीएम बी.एन. मिश्रा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, नगर पालिका परिषद महराजगंज के ईओ आलोक कुमार सहित जिले के अनेक व्यापारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।