Bureau Report/ Dilip Kumar Pandey
News 18 Plus/ Correspondent
महराजगंज, 29 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में निपुण भारत एवं जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिक्षा और पोषण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्राथमिक विद्यालयों में कायाकल्प के तहत किए जा रहे कार्य, बच्चों की उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता, सैम-मैम बच्चों के पोषण स्तर और प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना सहित अन्य विषयों पर चर्चा हुई।
कायाकल्प अभियान के तहत भवनों की मरम्मत और निर्माण कार्यों में देरी पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने सभी असंतृप्त मानकों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बीएसए ने बताया कि पिछले माह 291 दिव्यांग शौचालय असंतृप्त थे, जिनमें से 226 कार्य शुरू नहीं हुए हैं। 33 चहारदीवारी के सभी कार्य अनारंभ हैं, जबकि क्लासरूम टाइलिंग के 59 मामलों में 43 अभी तक शुरू नहीं हो सके हैं। अन्य मानकों में भी अपेक्षित प्रगति न होने पर सख्त निर्देश जारी किए गए।
आधारशिला क्रियान्वयन संदर्शिका का कम उपयोग पाए जाने पर लक्ष्मीपुर, सिसवा, नौतनवा और परतावल के खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया। लक्ष्मीपुर में इसका उपयोग 23%, सिसवा में 38% तथा नौतनवा और परतावल में 43% दर्ज किया गया। डीटीएफ और बीटीएफ टीमों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए।
बच्चों के लर्निंग आउटकम में सुधार के लिए जिम्मेदारी तय करने और शिक्षण गुणवत्ता बेहतर करने पर जोर दिया गया। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला पोषण समिति की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में 478 बच्चे सैम और 2638 बच्चे मैम श्रेणी में चिन्हित हैं। इनके पोषण सुधार के लिए एनआरसी में संदर्भित किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गृह भ्रमण कर पोषण संबंधी सलाह दी जा रही है तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से उपचार भी कराया जा रहा है।
कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के लिए मिशन मोड में कार्य करने, टीएचआर प्लांट से नियमित पोषाहार वितरण सुनिश्चित करने तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना में अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और शिक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, डीसी एनआरएलएम, डीपीआरओ एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।