Bureau Report /News 18 Plus /Nichlaul
भूमि विवाद व राजस्व-पुलिस से जुड़े मामलों में संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी।
महराजगंज, 19 सितंबर। जनसमस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील निचलौल के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सिंह सोहरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से की।
समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों और प्रार्थना पत्रों को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान कई शिकायतों का अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जिससे संबंधित फरियादियों को तत्काल राहत मिली।
भूमि विवाद, राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े जटिल मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।