Bureau Report /Rakesh Tripathi Siswa Kothibar /News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम सबया-खड्डा रोड स्थित गुरली रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार अपराह्न एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। हादसे में वाहन सवार दो युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा बाजार भेजा गया।
पुलिस के अनुसार शनिवार को करीब 4:20 बजे राहगीरों ने सूचना दी कि वाहन संख्या UP 53 BM 0834 सफेद रंग की स्कॉर्पियो गुरली रेलवे क्रॉसिंग के पास अनियंत्रित होकर खेत में चली गई है। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो में रोहित यादव (21 वर्ष) पुत्र राजवंशी यादव तथा भोला कुमार शाह (32 वर्ष) पुत्र अमरजीत शाह, दोनों निवासी सियाड़ीगढ़ मठिया, थाना मुफस्सिल, जिला सिवान (बिहार) सवार थे। दोनों युवक खड्डा की ओर से सिसवा बाजार जा रहे थे। गुरली रेलवे क्रॉसिंग से पहले मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ने से स्कॉर्पियो सड़क से नीचे उतरकर खेत में जा पहुंची।
हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तत्काल सीएचसी सिसवा बाजार पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना घायलों के परिजनों को दूरभाष के माध्यम से दे दी गई है।
पुलिस ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।