रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
महराजगंज। जनपद के तहसील सदर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सालंतगढ़ वनटांगिया में 5 मई 2026 को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां ईंट भट्ठे के पास पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मृत्यु हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक बच्चों के पिता डब्लू साहनी के परिवार को इस असहनीय क्षति के बाद प्रशासन द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की गई। बुधवार को विधायक सदर, उपजिलाधिकारी सदर एवं तहसीलदार सदर की उपस्थिति में पीड़ित परिवार को कुल ₹8 लाख (₹4 लाख प्रति मृतक) की सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
इस दौरान अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
गांव में मातम का माहौल है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ईंट भट्ठों के आसपास बने खतरनाक गड्ढों को सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों।