न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/सिसवा कोठीभार
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोठीभार पुलिस ने खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की चेतावनी दी है। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा और सिसवा चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त किया। पुलिस टीम ने प्रमुख स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लेते हुए आमजन से संवाद किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पैदल गश्त लगातार जारी रहेगी।
थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध नजर आए या कोई आपराधिक गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।