रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज
महराजगंज, 01 मई 2026। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेकिंग, गश्त और जनसंवाद के माध्यम से सख्त कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 649 वाहनों का चालान किया, जबकि 3 वाहनों को सीज किया गया। यह कार्रवाई बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना लाइसेंस, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार जैसे मामलों में की गई।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने विभिन्न थानों से 26 व्यक्तियों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। साथ ही पुलिस एक्ट के तहत 333 लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
“मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया, जिससे उनमें विश्वास का माहौल बने।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने बाजारों, बैंकों, एटीएम और अन्य वित्तीय संस्थानों के आसपास सघन चेकिंग की। दुकानदारों, व्यापारियों और आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और अतिक्रमण हटाने में सहयोग की अपील की गई, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
जनसंवाद के तहत पुलिस अधिकारियों ने शांति समिति की बैठकों में धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और किसानों से संवाद कर आपसी सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
इसके अलावा, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण के अभियान में तेजी लाते हुए 18 मामलों का निपटारा किया गया। वहीं, 30 अप्रैल से 1 मई 2026 के बीच विभिन्न अपराधों में कुल 26 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस सक्रियता से जनपद में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।