Bureau Report/ Rajiv Tripathi /Nichlaul News 18 Plus/ Co-Editor
महराजगंज। जनपद के निचलौल क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय बरवा कृपाल में बुधवार को थाना स्थानीय मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो टीम एवं साइबर टीम द्वारा मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नए कानूनों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव एवं महिला सशक्तिकरण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनने के लिए प्रेरित करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान महिला हेल्पलाइन 181, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट एवं मिशन शक्ति अभियान से जुड़ी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं और महिलाओं को बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करते हुए इनके दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर टीम द्वारा ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।
पुलिस टीम ने आपात स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 181, 112, 102, 108 एवं 1930 के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी और कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत इन सेवाओं का उपयोग करें।