महराजगंज पुलिस का सख्त अभियान: 413 वाहनों का चालान, 46 अभियुक्त गिरफ्तार।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो: महराजगंज
महराजगंज पुलिस ने जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए व्यापक अभियान चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, संदिग्ध व्यक्तियों तथा विभिन्न अपराधों में शामिल अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, तेज रफ्तार तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 413 वाहनों का चालान किया गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए 44 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा, जबकि 34 पुलिस एक्ट के तहत 92 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में “मिशन शक्ति” अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त अभियान भी चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, बैंकों, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्रों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग करते हुए व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया। साथ ही अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर संभ्रांत व्यक्तियों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, किसानों और व्यापारियों से संवाद किया गया तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई।
कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
थाना कोतवाली पुलिस ने अभियुक्त प्रेमसागर साहनी निवासी सिद्धार्थनगर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल, 315 बोर का एक जिंदा कारतूस तथा चोरी के गहनों की बिक्री से प्राप्त 9500 रुपये बरामद किए। आरोपी के खिलाफ बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
श्यामदेउरवा पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब
थाना श्यामदेउरवा पुलिस ने अभियुक्त रोहित चौहान को गिरफ्तार कर उसके पास से 32 शीशी बंटी-बबली देशी शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके अलावा लंबित विवेचनाओं के निस्तारण अभियान के तहत जनपद में कुल 10 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया। वहीं 15/16 मई 2026 की रात विभिन्न अपराधों में कुल 46 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।